जे के मिश्र / बिलासपुर – जरहाभाठा की मिनी बस्ती, जो कि गौरव पथ रोड पर स्थित है, वहां रह रहे लगभग 40 परिवारों को बेघर करने की धमकी दी जा रही है। इन परिवारों का कहना है कि वे पिछले 40 वर्षों से शासकीय भूमि पर झोपड़ियों में निवास कर रहे हैं, लेकिन अब भू-माफिया उन्हें जबरन वहां से हटाने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी कानूनी सूचना या आदेश के भू-माफिया उनके घरों को तोड़ने की धमकी दे रहे हैं।
वार्ड क्रमांक 21 गुरु घासीदास नगर की पार्षद सीमा घृतेश ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में भूमाफियाओं के हौसले बुलंद हैं, जिसके चलते मिनी बस्ती के लोगों को बेदखल करने की साजिश रची जा रही है। पार्षद के साथ पहुंचे प्रभावित लोगों में सैचीन खेला, शांति, कोमल खरे, आशुतोष नवरंगे, बीरू यादव, गोपाल कुमार और अन्य शामिल थे।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले नगर निगम द्वारा उन्हें पानी की सुविधा मिलती थी, लेकिन अब भू-माफियाओं ने उनकी पानी की लाइनें कटवा दी हैं, जिससे उनका जीवन दूभर हो गया है। उनका आरोप है कि भू-माफिया दिन-रात उन्हें मकान खाली करने के लिए धमका रहे हैं और जेसीबी मशीन से उनके घरों को गिराने की धमकी दे रहे हैं। इतना ही नहीं, मकान खाली न करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। इस वजह से बस्ती के लोग खौफ में जी रहे हैं और किसी अप्रिय घटना की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
मिनी बस्ती के निवासियों ने वार्ड पार्षद के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांग रखी है कि उनकी झोपड़ियों को तोड़ने से रोका जाए और भू-माफियाओं से उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं निकला तो वे आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर हो जाएंगे।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8224844
Total views : 8269097