बोतल बम से जवानों को उड़ाने की साजिश नाकाम, सुरक्षाबलों ने IED किया डिफ्यूज

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बीजापुर: जिले के उसूर थाना क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माओवादियों की साजिश को नाकाम कर दिया। केरिपु 196वीं वाहिनी और कोबरा 204 बटालियन की संयुक्त टीम ने ताड़पाला हिल्स इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, जहां से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और माओवादी सामान बरामद किया गया।

जमीन के भीतर छिपाकर रखा था विस्फोटक

सुरक्षा बलों को अभियान के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम और पॉलिथिन में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री, राशन और अन्य माओवादी सामग्री मिली। बरामद सामान में 13 डेटोनेटर, 11 किलोग्राम गन पाउडर, 4 प्लास्टिक ड्रम, 2 स्टील ड्रम, 2 लोहे के ड्रम के साथ माओवादी वर्दी, जूते, कैप, डोरी, यूएसबी केबल, सोलर प्लेट और साहित्य शामिल हैं।

बीयर बोतलों में लगाए थे प्रेशर IED

एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग के दौरान सुरक्षाबलों को जमीन में दबाकर रखे गए 13 बीयर बोतल बम मिले, जिनमें प्रेशर स्विच सिस्टम लगाया गया था। इसके अलावा लोहे के पाइप में निर्मित एक डायरेक्शनल IED भी बरामद किया गया। आशंका है कि माओवादी जवानों को निशाना बनाने की फिराक में थे।

सुरक्षाबलों ने सभी IED को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।

माओवादी स्मारक भी किया ध्वस्त

अभियान के दौरान टेकमेटला कुंजामपारा क्षेत्र में बनाए गए माओवादी स्मारक को भी ध्वस्त किया गया।

सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment