(जे के मिश्र ) बिलासपुर – सतनामी समाज के पवित्र स्थल गिरौदपुरी से ‘न्याय यात्रा’ की विधिवत शुरुआत की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मौके पर कहा कि छत्तीसगढ़ की भूमि, जो वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक शहीद वीर नारायण सिंह जैसे बलिदानियों की गाथा सुनाती है, अब न्याय की इस यात्रा का केंद्र बनेगी।

इस अवसर पर, उन्होंने शहीद वीर नारायण को याद करते हुए कहा कि यह न्याय यात्रा राज्य की समस्याओं और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है। यात्रा शुरू करने से पहले दीपक बैज ने शिवरीनारायण में भगवान श्रीराम और मां शबरी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया, ताकि यह यात्रा और न्याय की लड़ाई सफल हो।
महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाएगी न्याय यात्रा
इस यात्रा के दौरान, दीपक बैज बलौदाबाजार में हुई हिंसा, अमर गुफा जैतखाम विवाद, कवर्धा कांड और विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी जैसे संवेदनशील मुद्दों पर जनता का ध्यान आकर्षित करेंगे। इन घटनाओं को लेकर कांग्रेस जनता से सीधे संवाद स्थापित कर राज्य सरकार को जवाबदेह ठहराने की कोशिश कर रही है।
भाजपा ने साधा निशाना
कांग्रेस की इस न्याय पदयात्रा पर भाजपा ने तीखा हमला किया है। भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ की जनता के साथ किए गए अन्याय के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस पदयात्रा के दौरान जनता से उनके शासनकाल के दौरान हुए अन्याय का हिसाब देना होगा, क्योंकि अब जनता उनके कथनी और करनी का फर्क समझ चुकी है।
जिन मुद्दों पर केंद्रित है न्याय यात्रा:
गिरौदपुरी के अमर गुफा में जैतखाम के साथ हुई तोड़फोड़ का विरोध।
बलौदाबाजार में निर्दोष लोगों की गिरफ्तारी के खिलाफ आवाज उठाना।
कवर्धा के लोहारीडीह में साहू समाज के तीन बेटों की हत्या का न्याय।
पुलिस हिरासत में प्रशांत साहू की मौत की न्यायिक जांच की मांग।
दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग।
कांग्रेस इस यात्रा के जरिए राज्य में न्याय और शांति की बहाली का संकल्प लेकर चल रही है, वहीं भाजपा इसे केवल जनता को भ्रमित करने की कोशिश करार दे रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8166649
Total views : 8193306