बालोद: जिले की कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने शुक्रवार को जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। उन्होंने जिला अस्पताल और मातृ-शिशु अस्पताल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लापरवाही मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई।
कलेक्टर ने 100 बिस्तर अस्पताल एवं मातृ-शिशु विंग में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सुबह 9 बजे तक ओपीडी पंजीयन काउंटर नहीं खुलने और डॉक्टरों की अनुपस्थिति पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित डॉक्टरों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में समुचित साफ-सफाई नहीं मिलने, टाइल्स में गंदगी, वाटर कूलर से लीकेज के कारण फर्श पर पानी बहने तथा फिजियोथेरेपी कक्ष में कबाड़ रखे होने पर कलेक्टर ने सिविल सर्जन को फटकार लगाई। उन्होंने व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्तनपान कक्ष, प्रसव कक्ष और ओटी कक्ष का भी निरीक्षण किया। फिजियोथेरेपी कक्ष में रखे कबाड़ को नीलामी (ऑक्शन) करने के निर्देश दिए और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान डीएफओ अभिषेक अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत सुनील चंद्रवंशी, तहसीलदार आशुतोष शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8161143
Total views : 8184958