कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

 91 आवेदनों पर त्वरित समाधान के निर्देश, आवास, कर्ज़ और भूमि विवाद पर हुई प्रमुख सुनवाई

दुर्ग: जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पहुँचे सभी 91 आवेदकों की विभिन्न समस्याओं पर कलेक्टर ने गंभीरता से सुनवाई की। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर हितेश पिस्दा और उत्तम ध्रुव भी उपस्थित रहे।

जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि सीमांकन, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार और आर्थिक सहायता जैसी कई समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

आवासीय भूमि पट्टा मामले में जांच के निर्देश

ग्राम निकुम के एक निवासी ने बताया कि उन्हें वर्ष 1968-69 में मिला आवासीय पट्टा पुनः सर्वे के बाद भी जारी नहीं किया गया है। इस पर कलेक्टर ने भू-अभिलेख विभाग को रिकॉर्ड परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

लापता पति और कर्ज वसूली से परेशान महिला की मदद

वार्ड 42 सुभाष नगर की एक महिला ने शिकायत की कि उसके पति अगस्त से लापता हैं और उन्होंने कई निजी फाइनेंस कंपनियों से उसके नाम पर कर्ज लिया था। अब कंपनियाँ उससे जबरन वसूली कर रही हैं। मामले की गंभीरता देखते हुए कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नेत्रहीन युवक को पीएम आवास योजना के तहत मदद

वार्ड 25 बजरंग नगर के नेत्रहीन युवक ने अपने जर्जर मकान के पुनर्निर्माण के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ऋण सहायता मांगी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह स्वयं निर्माण नहीं करा पा रहा। उसके आवेदन पर कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को नियमानुसार तत्काल सहायता की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।

कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का माध्यम है और हर शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment