रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ किया। एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पाइपलाइन गैस सुविधा की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इन वर्षों में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सिटी गैस अवसंरचना परियोजना इस विकास यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में प्रदेश का सशक्त संकल्प है।
घरों और प्रतिष्ठानों तक पाइपलाइन से गैस
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन से गैस उपलब्ध होगी। इससे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर रिफिल की झंझट से मुक्ति मिलेगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि सस्ती और सुलभ ऊर्जा से उद्योगों को गति मिलेगी और प्रदेश में निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी। मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए रायपुर सहित बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क विकसित करने की अपेक्षा जताई।
स्वच्छ ईंधन से घटेगा प्रदूषण
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और आम नागरिकों के ईंधन खर्च में भी राहत मिलेगी। हाल ही में प्रस्तुत राज्य बजट में अधोसंरचना विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिससे शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वच्छ ईंधन अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनें और हरित, विकसित एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान दें।
उल्लेखनीय है कि सिटी गैस अवसंरचना परियोजना रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में प्रारंभ की गई है। इसके तहत घरेलू व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पीएनजी की आपूर्ति तथा वाहनों के लिए सीएनजी उपलब्ध कराई जाएगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8161143
Total views : 8184957