रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आचार्य श्री 108 प्रज्ञा सागर जी महाराज द्वारा ‘धर्म चक्रवर्ती’ की प्रतिष्ठित उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान आचार्य विद्यानंद जी महाराज के शताब्दी समारोह के अवसर पर प्रदान किया गया। इस ऐतिहासिक पल पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए इसे सम्पूर्ण राष्ट्र और सनातन समाज के लिए गौरव का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा,
“धारयति इति धर्मः” — धर्म वह है जो धारण करने योग्य हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘धर्म चक्रवर्ती’ की उपाधि से सम्मानित किया जाना भारत की सांस्कृतिक चेतना, नीति और राष्ट्रभावना के प्रति उनके समर्पण का प्रमाण है।
संस्कृति को वैश्विक मंच पर दी प्रतिष्ठा:
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत ने अपनी सनातन संस्कृति और विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुनः प्रतिष्ठित किया है। उन्होंने धर्म, नीति, सेवा और राष्ट्र उत्थान के मार्ग को अपनाकर ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव को जनचेतना में साकार किया है।
प्रधानमंत्री को सहृदय अभिनंदन:
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह उपाधि न केवल प्रधानमंत्री का सम्मान है, बल्कि यह हर भारतीय और सनातनी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस गौरवपूर्ण सम्मान के लिए प्रधानमंत्री मोदी को सहृदय अभिनंदन प्रेषित किया।
