विश्व मानक दिवस पर CM विष्णुदेव साय ने दिलाई ‘गुणवत्ता शपथ’
कहा— मानक ही पारदर्शिता, उपभोक्ता सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत की पहचान हैं
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में मानकों का पालन पारदर्शिता, गुणवत्ता और उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा उत्पादों को मानक चिन्ह प्रदान कर उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा की जा रही है और इसके माध्यम से मिलावट व नकली वस्तुओं पर प्रभावी रोक लगी है। मुख्यमंत्री साय आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में विश्व मानक दिवस के अवसर पर आयोजित “मानक महोत्सव” को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनों को “गुणवत्ता शपथ” दिलाई और लोगों से मानकीकृत उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ही BIS के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि BIS आज देशभर में गुणवत्ता की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सोने जैसी धातुओं की शुद्धता पहचानना पहले मुश्किल था, लेकिन आज उपभोक्ता BIS हॉलमार्क देखकर ही भरोसे से आभूषण खरीदते हैं। उन्होंने कहा कि BIS का हॉलमार्क अब उपभोक्ता विश्वास का प्रतीक बन गया है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि BIS अब तक बोतलबंद पानी, हेलमेट, खिलौने, गहनों सहित करीब 22 हजार वस्तुओं को मानक चिन्ह प्रदान कर चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं में मानक चिन्हों के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है, ताकि गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को बढ़ावा मिल सके।
मुख्यमंत्री साय ने कहा —
“प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है, और इस लक्ष्य को प्राप्त करने में मानकों की अहम भूमिका होगी।”
उन्होंने आगे कहा कि स्वदेशी उत्पादों की गुणवत्ता और मानकीकरण के कारण आज भारत के गाँव और कस्बों में बने उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान बना रहे हैं।
इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि विश्व मानक दिवस का उद्देश्य उपभोक्ताओं और समाज में मानकीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह दिन हमारे वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों के समर्पण को सराहने का अवसर भी है। उन्होंने कहा —
“‘जागो ग्राहक जागो’ का संदेश हर उपभोक्ता को सजग और जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।”
भारतीय मानक ब्यूरो रायपुर शाखा के निदेशक एस. के. गुप्ता ने कहा कि BIS का प्रत्येक मानक उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा को समर्पित है और संस्था का लक्ष्य है कि देश में निर्मित हर उत्पाद वैश्विक गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरे।
मुख्यमंत्री ने मानक महोत्सव में किया स्टालों का अवलोकन
विश्व मानक दिवस पर आयोजित मानक महोत्सव में मुख्यमंत्री साय ने BIS और अन्य संस्थानों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने मानक स्थापना से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली और प्रयासों की सराहना की।
सिपेट रायपुर के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था प्रदेश के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और गुणवत्ता परामर्श प्रदान करती है। मुख्यमंत्री ने इसे उद्योग-शिक्षा समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
BIS के स्टाल पर उपभोक्ताओं को “BIS Care App” की जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से लोग ISI, HUID और हॉलमार्क प्रमाणिकता की जांच कर सकते हैं तथा शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने इस पहल को उपभोक्ता सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया।
छात्र-छात्राओं के नवाचारों ने बटोरी वाहवाही
कार्यक्रम में स्कूल छात्रों द्वारा तैयार नवाचार आधारित स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने। मुख्यमंत्री साय ने गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल बिरकोनी के विद्यार्थियों द्वारा तैयार रक्तचाप जांचने की मशीन और मिट्टी की नमी मापने की मशीन, तथा पंडित आर. डी. तिवारी गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्रों के “एक्सप्लोरर रोबोट” जैसे प्रोजेक्ट्स की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का यह नवाचार और गुणवत्ता के प्रति समर्पण ही विकसित भारत का आधार बनेगा।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8146869
Total views : 8162088