रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के गोदड़ीवाला धाम पहुंचे, जहाँ उन्होंने संत शिरोमणि बाबा हरदास राम साहिब जी की 34वीं बरसी महोत्सव में भाग लेकर संत परंपरा को नमन किया। मुख्यमंत्री ने धाम में स्थापित संत गेला राम साहिब जी की प्रतिमा के समक्ष मत्था टेका और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा, “यह मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे संत शिरोमणि बाबा हरदास राम साहिब जी की बरसी महोत्सव में शामिल होने का अवसर मिला। यहाँ देशभर से आए पूज्य संतों के दर्शन का लाभ मिल रहा है। मेरी कामना है कि छत्तीसगढ़ पर संतों का आशीर्वाद सदा बना रहे और घर-घर में खुशहाली एवं समृद्धि हो।”
मुख्यमंत्री ने बरसी महोत्सव में पधारे देशभर के संत-महात्माओं का छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि श्री गोदड़ीवाला संत बाबा हरदास राम जी का संपूर्ण जीवन मानव सेवा, त्याग और समर्पण का प्रेरणास्रोत रहा है। धाम परिसर में समय-समय पर आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर संत बाबा हरदास राम जी की शिक्षाओं का जीवंत उदाहरण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बरसी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, एकता और सामाजिक सेवा का उत्सव है। संत समाज को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। राजिम में भगवान श्रीराम और माता सीता द्वारा स्थापित कुलेश्वर महादेव आज भी विराजमान हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ चला रही है, जिसके तहत श्रद्धालुओं को अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कराए जा रहे हैं। पिछले वर्ष इस योजना के अंतर्गत 22 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रीरामलला के दर्शन किए।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155960
Total views : 8176597