रायपुर: विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित बीएसएस प्रणवानंद स्कूल परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारत माता की प्रतिमा तथा स्कूल के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर में स्थापित कल्चरल एंड हेरिटेज म्यूजियम का अवलोकन किया। स्कूल के सचिव स्वामी शिवरूपानंद ने उन्हें संग्रहालय का विस्तृत भ्रमण कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में प्रदर्शित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, ऋषि-मुनियों और भारत सेवाश्रम संघ द्वारा संचालित मानव कल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्कूली बच्चों को भारत के समृद्ध इतिहास, ऋषि-मुनियों, महान चिंतकों, धर्म प्रवर्तकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान से परिचित कराने की यह पहल बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति अत्यंत प्राचीन, समृद्ध और गौरवशाली रही है, जिसे ऋषि-मुनियों और महापुरुषों ने अपने ज्ञान, तप और त्याग से और अधिक समृद्ध बनाया है।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना बेहद जरूरी है। इससे बच्चों में राष्ट्र, संस्कृति और मूल्यों के प्रति गर्व की भावना विकसित होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीएसएस प्रणवानंद स्कूल द्वारा स्थापित यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों को धर्म, ग्रंथों, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रेरणादायक माध्यम बनेगा।
इस अवसर पर स्कूल के सचिव स्वामी शिवरूपानंद ने मुख्यमंत्री साय को शॉल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि स्कूल के संग्रहालय में भारत के महान ऋषि-मुनियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाएं उनके जीवन और कार्यों की जानकारी के साथ स्थापित की गई हैं। इनमें महर्षि वेदव्यास, विश्वामित्र, सुश्रुत, कणाद, आर्यभट्ट, रामानुजाचार्य, स्वामी विवेकानंद, राजा राममोहन राय, पृथ्वीराज चौहान, रानी लक्ष्मीबाई, खुदीराम बोस, महर्षि दयानंद सरस्वती और बिरसा मुंडा जैसी महान विभूतियां शामिल हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8164610
Total views : 8190189