रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज पुलिस मुख्यालय नया रायपुर से वर्चुअली जुड़कर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 255 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुलिस आवासीय भवनों, थाना भवनों और 8 नए साइबर पुलिस थानों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का दिन पुलिस विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और सौभाग्यपूर्ण है, क्योंकि एक साथ इतने बड़े पैमाने पर आधारभूत संरचनाओं का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रेजेंटेशन के माध्यम से यह स्पष्ट हुआ कि साइबर थाने, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवन आधुनिक, सुंदर और सुविधाजनक बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए संबंधित एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे वे अपने दायित्वों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का निरंतर प्रयास है कि अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर आवासीय और कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने इसे एक अच्छी शुरुआत बताते हुए कहा कि इससे सुदूर अंचलों तक भी सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त किया जा सकेगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से साइबर पुलिस थानों की स्थापना की जा रही है। आज जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित कुल 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया है। इससे पहले प्रदेश के पांच जिलों में साइबर थाने संचालित हो रहे हैं। भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अन्य जिलों में भी साइबर थाने खोले जाएंगे।
गृह मंत्री श्री शर्मा ने यह भी बताया कि इसके साथ ही चार जिलों में भारत रक्षित वाहिनी के कैंपस, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की चौकी तथा आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने 255 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए इन विकास कार्यों और नए साइबर थानों की स्वीकृति एवं लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने बालोद, महासमुंद, धमतरी, रायपुर, बस्तर, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर, दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों में भारत रक्षित वाहिनी परिसरों, थाना भवनों, पुलिस चौकियों, एसडीओपी कार्यालयों, ट्रांजिट हॉस्टलों और आवासीय भवनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इन विकास कार्यों से पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ ही प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8150926
Total views : 8168489