रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU), रायपुर में ‘श्रीमंत शंकरदेव शोध पीठ’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महान संत, समाज सुधारक और नव-वैष्णव आंदोलन के प्रणेता श्रीमंत शंकरदेव जी की वैचारिक विरासत को याद करते हुए इसे समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि श्रीमंत शंकरदेव जी की विचारधारा सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाली रही है। उन्होंने कहा, “वर्तमान और नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के योगदान से परिचित कराकर ही हम एक सक्षम और समृद्ध भारत का निर्माण कर सकते हैं।” मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि PRSU में स्थापित यह शोध पीठ श्रीमंत शंकरदेव जी के विचारों, दर्शन और सामाजिक योगदान के अध्ययन, शोध और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यदि हम अपने देश, प्रदेश, गांव, शहर और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें, तो निश्चित रूप से एक गौरवशाली भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और शोध पीठ से जुड़े विद्वानों से अपेक्षा जताई कि यह पहल सामाजिक जागरूकता और वैचारिक समृद्धि की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
Author: Deepak Mittal








