जशपुर। देशभर में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ में भी योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सामूहिक योगाभ्यास कर प्रदेशवासियों को स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री के साथ मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे हुई, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, अधिकारियों, स्कूली बच्चों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सीएम साय ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा, “योग केवल व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का एक समग्र माध्यम है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि योग हमारे जीवन में अनुशासन, संतुलन और शांति लाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और इसे एक जनआंदोलन बनाएं।
जशपुर को विकास कार्यों की सौगात
योग कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दुलदुला, कुनकुरी और तपकरा क्षेत्रों में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसी क्रम में वे कुनकुरी में नव निर्मित सद्भावना भवन का शुभारंभ करेंगे और वन विभाग के चरण पादुका वितरण समारोह में भी हिस्सा लेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा साझा किया गया योग वीडियो प्रदेशवासियों को स्वस्थ रहने और योग को अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8206581
Total views : 8246121