छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी देश का बढ़ा रही मान
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्वविजेता उपलब्धि में छत्तीसगढ़ की भूमिका पर गर्व
रायपुर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्वविजेता बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है — और इस जीत में छत्तीसगढ़ की भूमिका भी विशेष रही। कवर्धा जिले की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी ने बतौर फिजियोथैरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस एक्सपर्ट टीम का हिस्सा बनकर इस जीत में अहम योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने X पोस्ट में लिखा — “भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी अत्यंत विशेष है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में हमारा छत्तीसगढ़ भी सहभागी रहा है।”
आकांक्षा ने खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और प्रदर्शन को उच्चतम स्तर पर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके समर्पण और विशेषज्ञता ने टीम को विश्वविजेता बनने की दिशा में मजबूत आधार दिया। इससे पहले वे छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम और भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के साथ भी कार्य कर चुकी हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की यह बेटी आज पूरे देश का मान बढ़ा रही है। उन्होंने आकांक्षा सत्यवंशी को इस उपलब्धि के लिए पूरे छत्तीसगढ़वासियों की ओर से बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
आकांक्षा की सफलता न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम की मिसाल है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण भी है कि छत्तीसगढ़ की बेटियाँ अब हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8164971
Total views : 8190785