बिलासपुर रेल हादसे पर शोक में डूबा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुःख, मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को ₹50 हजार की सहायता राशि का ऐलान
रायपुर। बिलासपुर के पास हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना ने पूरे छत्तीसगढ़ को स्तब्ध कर दिया है। इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे “अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक” करार दिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, “मैं इस दुखद हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दें।”
मुआवजे की घोषणा और राहत व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने हादसे के पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को ₹50 हजार की सहायता राशि देगी।
उन्होंने बताया कि घायलों के निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सभी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए तथा हर प्रभावित व्यक्ति तक सहायता समय पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस और रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर मुस्तैदी से काम कर रहे हैं।
सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए
सीएम साय ने कहा कि हादसे के तुरंत बाद से ही राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर रखे हुए है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों, दवाइयों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
साय ने कहा, “इस कठिन समय में राज्य सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी यात्री या परिजन को सहायता के लिए भटकना न पड़े। सभी मदद पारदर्शी और तुरंत उपलब्ध कराई जाए।”
जांच और समन्वय के निर्देश
मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों में जुटी रेलवे और जिला प्रशासन की टीमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी मानवीय संवेदना के साथ दिन-रात काम कर रहे हैं।
साय ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन के साथ मिलकर स्थिति को सामान्य करने और पीड़ितों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
उन्होंने बताया कि हादसे की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) द्वारा कराई जा रही है ताकि दुर्घटना के कारणों का पता चल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
प्रशासन अलर्ट, हेल्पलाइन जारी
मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं। रेलवे द्वारा ट्रेनों के संचालन पर पड़े प्रभाव को कम करने के लिए वैकल्पिक इंतज़ाम किए जा रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों और परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं ताकि उन्हें त्वरित जानकारी और सहायता मिल सके।
हादसे से उपजे शोक के माहौल में मुख्यमंत्री साय ने सभी प्रभावित परिवारों से अपील की कि वे धैर्य बनाए रखें और किसी भी आवश्यक मदद के लिए प्रशासन से संपर्क करें। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में पूरी संवेदनशीलता और मानवता के साथ हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।”
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8180944
Total views : 8212559