रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगुवाई वाली भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। 10 अप्रैल तक कैबिनेट विस्तार होने के प्रबल संकेत मिल रहे हैं।
इस बीच 8 अप्रैल यानी आज भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन रायपुर दौरे पर हैं, और उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश भी पहुंच रहे हैं। दोनों नेता 9 अप्रैल को राजधानी रायपुर में पार्टी संगठन की महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।
बिलासपुर से विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल तथा दुर्ग से विधायक गजेंद्र यादव का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान इन दोनों नामों पर सहमति बनी थी। माना जा रहा है कि संगठन और सरकार के बीच अंतिम बातचीत के बाद इन नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
अमर अग्रवाल पहले भी वित्त, स्वास्थ्य और नगरीय प्रशासन जैसे अहम मंत्रालय संभाल चुके हैं। वहीं गजेंद्र यादव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रांत संघचालक बिसराराम यादव के पुत्र हैं।
सिर्फ मंत्रीमंडल ही नहीं, बल्कि सरकार की दूसरी इकाइयों में भी नियुक्तियाँ तय मानी जा रही हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही विधानसभा उपाध्यक्ष और एक दर्जन से ज्यादा संसदीय सचिवों की भी ताजपोशी की जाएगी। इंटरनेट मीडिया में यह मैसेज भी वायरल है कि अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162171
Total views : 8186392