धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात आयोजित चौथिया कार्यक्रम के दौरान बारातियों और बैंड बाजा से जुड़े युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरू में विवाद मामूली था, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि बैंड बाजा से जुड़े कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में कई लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो घायलों की स्थिति अब खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने समारोहों में छोटे विवादों के गंभीर परिणामों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8159207
Total views : 8181848