रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान धान खरीदी के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर बहस हुई। सरकार के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
धान खरीदी का मुद्दा कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल ने उठाया। उन्होंने बस्तर क्षेत्र के किसानों से धान खरीदी नहीं होने का आरोप लगाते हुए सरकार से जवाब मांगा। इस पर राज्य के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि 44,612 किसान धान खरीदी केंद्रों में धान बेचने के लिए पहुंचे ही नहीं।
सरकार के इस जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और धान खरीदी में गड़बड़ी के साथ-साथ किसानों से जबरिया समर्पण कराने का आरोप लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सरकार से मांग की कि जबरिया समर्पण कराने वाले किसानों की संख्या स्पष्ट की जाए और धान खरीदी का पूरा आंकड़ा सदन में रखा जाए।
इस मुद्दे को लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। वहीं कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि शून्यकाल के दौरान स्थगन प्रस्ताव लाकर अफीम की खेती के मुद्दे को भी उठाया जाएगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8164608
Total views : 8190185