बलांगीर: ओडिशा के बलांगीर जिले के तुरेकेला थाना क्षेत्र में कक्षा 9 की एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने छह नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार किया है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना दिसंबर माह में हुई थी। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी नाबालिग पीड़िता को लगातार धमका रहे थे। वीडियो के वायरल होने के बाद पीड़िता के पिता ने शुक्रवार रात तुरेकेला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तरी रेंज के डीआईजी हिमांशु लाल शनिवार को तुरेकेला पुलिस स्टेशन पहुंचे और मामले की जांच की समीक्षा की। इस दौरान बलांगीर के पुलिस अधीक्षक अभिलाष जी भी मौजूद रहे। वैज्ञानिक जांच टीम को भी साक्ष्य एकत्र करने के लिए लगाया गया है।
पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो के संबंध में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो किसने बनाया और किसके द्वारा इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
एसपी अभिलाष जी ने बताया कि सभी गिरफ्तार नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पीड़िता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8157083
Total views : 8178447