बिलासपुर।
तखतपुर क्षेत्र के ग्राम चोरभट्टीखुर्द में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि मनबोध यादव की बीती रात अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, मनबोध यादव बुधवार रात लगभग 8 बजे किसी निजी काम से घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। सुबह ग्रामीणों ने गांव के ही मुर्गी फार्म के पास उनका खून से लथपथ शव देखा। शव मिलते ही पूरे गांव में सनसनी और दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, क्षेत्र का निरीक्षण किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश में अलग-अलग टीमें जुटा दी गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, मृतक मनबोध यादव घटना से पहले एक व्यक्ति के साथ शराब पीते देखे गए थे। पुलिस उस व्यक्ति से पूछताछ कर रही है और मामले की गुत्थी सुलझाने का प्रयास तेज कर दिया गया है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8173361
Total views : 8202690