बीजेपी को आज मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, नितिन नबीन का राजतिलक

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी को आज अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने जा रहा है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को औपचारिक रूप से भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया जाएगा। सोमवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई।

45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। इससे पहले अमित शाह 49 वर्ष की आयु में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। नामांकन प्रक्रिया के बाद राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि इस पद के लिए केवल नितिन नबीन का ही नामांकन प्रस्तावित हुआ है। उनके समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनकी जांच के बाद सभी को वैध पाया गया।

आज नितिन नबीन के नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा। नामांकन के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी समेत सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र जमा किए।

भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर 16 जनवरी को अधिसूचना जारी की थी। इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

इस मौके पर नितिन नबीन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को यह भली-भांति पता है कि कौन व्यक्ति काम करने में सक्षम है। उन्होंने कहा, “हीरे की परख जौहरी को ही होती है। पार्टी ने सही व्यक्ति को चुना है। नितिन ने पार्टी के लिए दिन-रात मेहनत की है और आज उन्हें उसकी मेहनत का फल मिला है।”

भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर आज का दिन संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment