नई दिल्ली: आई-पैक के कार्यालय और सह-संस्थापक प्रतीक जैन के घर हुई छापेमारी से जुड़े मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। सुनवाई से पहले उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने संविधान की नींव को कमजोर करने की कोशिश की है और वह अपने इरादों में कभी कामयाब नहीं होंगी।
समाचार एजेंसी से बातचीत में भाजपा सांसद ने कहा कि देश में यह पहली बार हुआ है जब ईडी या किसी केंद्रीय जांच एजेंसी की छापेमारी के दौरान किसी राज्य के मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस को हस्तक्षेप के लिए भेजकर कार्रवाई में बाधा डाली हो। उन्होंने इसे संवैधानिक परंपराओं और मर्यादाओं का खुला उल्लंघन बताया।
खंडेलवाल ने कहा, “डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा स्थापित संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने के लिए इतिहास ममता बनर्जी को कभी माफ नहीं करेगा। इस तरह की कार्रवाई संविधान की आत्मा पर प्रहार है। हालांकि यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट में है और मुझे पूरा भरोसा है कि न्याय जरूर मिलेगा।”
भाजपा सांसद ने राष्ट्रमंडल देशों के अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों के 28वें सम्मेलन को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में हो रहे इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन बेहद महत्वपूर्ण होगा। प्रधानमंत्री अपने भाषण में कॉमनवेल्थ देशों के बीच सहयोग, विकास और आतंकवाद के खिलाफ साझा रणनीति पर जोर देंगे।
खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का भाषण सभी भाग लेने वाले देशों को प्रेरित करेगा और वैश्विक एकता व सहयोग को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। इसी कारण यह सम्मेलन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Author: Deepak Mittal









