दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भाजपा नेता के खेत में अफीम की अवैध खेती मिलने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। मामले के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने संबंधित नेता को पार्टी से सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिलने पर 6 मार्च को समोदा गांव में छापेमारी की गई। इस दौरान करीब डेढ़ एकड़ जमीन में अफीम के पौधे लगे पाए गए। बताया जा रहा है कि यह खेत भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े नेताओं का है, जहां चोरी-छिपे अफीम की खेती की जा रही थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी खेत पर पहुंच गए, जिन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच बहस हो गई और स्थिति झूमाझटकी तक पहुंच गई। हालात को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि उन्हें खेत में अफीम की खेती की जानकारी नहीं थी और जमीन अधिया यानी आधी फसल के आधार पर किसी अन्य व्यक्ति को दी गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और खेत में अफीम की खेती किसने की, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8163968
Total views : 8189168