बीजापुर: छत्तीसगढ़ के कोर नक्सल प्रभावित जिला बीजापुर में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को ढेर कर दिया, जिनमें एक एसीएम (ACM) रैंक का नक्सली और एक पार्टी सदस्य शामिल बताया जा रहा है। वहीं जवानों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए भारी मात्रा में आईईडी भी बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बीजापुर के दक्षिणी इलाके में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। सुबह करीब 7 बजे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से जबरदस्त मुठभेड़ हुई।
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के शवों के साथ एक पिस्टल, 303 रायफल और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की है। फिलहाल इलाके में रुक-रुक कर फायरिंग जारी है और अतिरिक्त बल के साथ सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
इसी दौरान डीआरजी बीजापुर, थाना इलमिड़ी और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) 9वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने लंकापल्ली क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान सड़क के बीचों-बीच लगाए गए 20 से 30 किलो वजनी दो आईईडी बम बरामद किए। जवानों ने सतर्कता बरतते हुए दोनों आईईडी को सुरक्षित तरीके से मौके पर ही नष्ट कर दिया।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पूरे इलाके में फिलहाल अलर्ट जारी है और ऑपरेशन जारी है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8168895
Total views : 8196713