नई दिल्ली: ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। आइशर मोटर्स लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड (VECV) को GST प्राधिकरण की ओर से 192.36 करोड़ रुपए की कर मांग को लेकर नोटिस जारी किया गया है। इस नोटिस के बाद कंपनी और निवेशकों के बीच हलचल मच गई है।
आइशर मोटर्स ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि यह मामला वित्त वर्ष 2017-18 से जुड़ा है, जिसमें क्रेडिट नोट्स की जानकारी देने में देरी को लेकर कंपनी पर नियम उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।
जुलाई में मिला था कारण बताओ नोटिस
कंपनी के अनुसार, मध्य प्रदेश के उज्जैन आयुक्त कार्यालय के राज्य माल एवं सेवा कर (SGST) और केंद्रीय उत्पाद शुल्क आयुक्त की ओर से जुलाई 2025 में वीईसीवी को कारण बताओ नोटिस (SCN) जारी किया गया था।
इस नोटिस में CGST अधिनियम, 2017 के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए 168.19 करोड़ रुपए जीएसटी और उतनी ही राशि के जुर्माने की बात कही गई थी।
29 दिसंबर को आई अंतिम टैक्स डिमांड
कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के बाद 29 दिसंबर 2025 को कंपनी को अंतिम कर मांग नोटिस मिला।
इसमें संशोधित रूप से
-
96.18 करोड़ रुपए टैक्स,
-
96.18 करोड़ रुपए जुर्माना,
-
साथ में ब्याज शामिल है।
इस तरह कुल मांग 192.36 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है।
कंपनी का दावा – कारोबार पर नहीं पड़ेगा असर
वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड ने साफ किया है कि इस नोटिस का कंपनी की वित्तीय स्थिति, परिचालन या अन्य कारोबारी गतिविधियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। कंपनी कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है और आगे की प्रक्रिया नियमानुसार अपनाई जाएगी।
ऑटो सेक्टर की बढ़ी टेंशन
GST से जुड़ी इस बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पुराने वित्तीय वर्षों के मामलों में कंपनियों को कितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है। अब सभी की नजर इस पर है कि वीईसीवी इस टैक्स मांग को लेकर क्या कानूनी कदम उठाती है और आगे यह मामला किस मोड़ पर जाता है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162759
Total views : 8187312