बिग ब्रेकिंग : छत्तीसगढ़ सहित 10 राज्यों में ED की बड़ी छापेमारी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

BIG BREAKING: छत्तीसगढ़ सहित 10 राज्यों में ED की बड़ी छापेमारी
प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में कथित रिश्वतखोरी, फर्जी दस्तावेज और सीट खरीद–फरोख्त के आरोपों पर एक साथ कार्रवाई

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में कथित रिश्वतखोरी, फर्जी दस्तावेजों और एडमिशन बिक्री घोटाले से जुड़े एक बड़े मामले में छत्तीसगढ़ सहित 10 राज्यों में एक साथ छापेमारी की है। दिल्ली मुख्यालय से विशेष रूप से भेजी गई ईडी की टीमें इस ऑपरेशन का नेतृत्व कर रही हैं। देशभर में हुई इस एकसाथ कार्रवाई ने मेडिकल शिक्षा जगत में हड़कंप मचा दिया है।

सूत्रों के अनुसार, ईडी ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 15 से अधिक ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया है। जिन स्थानों पर कार्रवाई की गई है, उनमें निजी मेडिकल कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान, आरोपियों के आवास और कथित दलालों के ठिकाने शामिल बताए जा रहे हैं।

करोड़ों के एडमिशन फर्जीवाड़े की जांच

मामला मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन दिलाने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, मैनेजमेंट सीटों की खरीद–फरोख्त और प्रवेश प्रक्रिया में करोड़ों रुपये की हेराफेरी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। आरोप हैं कि कई निजी मेडिकल कॉलेज संचालकों ने दलालों की मदद से कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर छात्रों से मोटी रकम लेकर सीटें आवंटित की थीं।

इस मामले में इससे पहले CBI भी देशभर में छापेमारी कर चुकी है और संदिग्धों के मोबाइल, लैपटॉप, दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले गए थे। अब आर्थिक पहलुओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के लिए ईडी की टीम सक्रिय हुई है।

छत्तीसगढ़ में भी ईडी की दस्तक

छत्तीसगढ़ में भी ईडी ने सुबह कई संभावित स्थानों पर दस्तक दी है। हालांकि आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि रायपुर या अन्य जिलों में किन-किन जगहों पर सर्च हुआ है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, मेडिकल कॉलेज एडमिशन से जुड़े कुछ नाम ईडी के रडार पर लंबे समय से थे।

डिजिटल रिकॉर्ड और फर्जी दस्तावेज बरामद

ईडी की टीमों ने शुरुआती जांच में कई संदिग्ध दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड बरामद किए हैं, जिनमें—

  • बैंक ट्रांजेक्शन

  • डिजिटल पेमेंट रिकॉर्ड

  • व्हाट्सऐप चैट

  • ई-मेल संवाद

  • एडमिशन संबंधित फर्जी कागजात

शामिल हैं। एजेंसी को शक है कि यह नेटवर्क कई राज्यों में फैला है और पिछले कई वर्षों से करोड़ों रुपये का अवैध एडमिशन कारोबार चल रहा था।

कार्रवाई और भी विस्तृत हो सकती है

सूत्रों का कहना है कि यह ऑपरेशन आने वाले दिनों में और व्यापक हो सकता है, क्योंकि कई संबंधित व्यक्तियों से अभी पूछताछ बाकी है। केंद्रीय एजेंसियों की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद निजी मेडिकल कॉलेजों पर निगरानी और सख्त होने की उम्मीद है।

ईडी की ओर से अभी आधिकारिक प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है, लेकिन कई ठिकानों से बड़े पैमाने पर दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए जाने की जानकारी मिली है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Comment