दिल्ली में हुआ बड़ा मंथन! रायपुर को इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की उठी मांग, बिलासपुर को लेकर भी बड़ा प्लान

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दिल्ली में हुआ बड़ा मंथन! रायपुर को इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की उठी मांग, बिलासपुर को लेकर भी बड़ा प्लान

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से MP बृजमोहन अग्रवाल की अहम मुलाकात, छत्तीसगढ़ की हवाई तस्वीर बदलने की तैयारी

रायपुर/दिल्ली: छत्तीसगढ़ की हवाई कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक अहम पहल सामने आई है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात कर रायपुर और बिलासपुर एयरपोर्ट से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा की।

इस मुलाकात के दौरान रायपुर एयरपोर्ट के विस्तार, क्षमता वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित किए जाने की मांग प्रमुखता से रखी गई। साथ ही रायपुर से सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे छत्तीसगढ़ को निवेश, उद्योग, व्यापार, मेडिकल टूरिज्म और पर्यटन के क्षेत्र में नई गति मिल सके।

सांसद अग्रवाल ने बढ़ते यात्री दबाव का हवाला देते हुए कहा कि रायपुर एयरपोर्ट पर अवसंरचना विस्तार अब समय की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत से राज्य की वैश्विक पहचान और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

बैठक में बिलासा देवी केवट हवाई अड्डा, बिलासपुर को लेकर भी बड़ा मुद्दा उठाया गया। सांसद ने बिलासपुर एयरपोर्ट को शीघ्र पूर्ण रूप से चालू कर नियमित विमान सेवाएँ प्रारंभ करने और इसे 4C श्रेणी में उन्नयन हेतु ₹300 करोड़ के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग रखी।

उन्होंने कहा कि एक प्रमुख संभागीय मुख्यालय होने के बावजूद बिलासपुर एयरपोर्ट का पूर्ण संचालन न होना क्षेत्रीय असंतुलन को दर्शाता है। इसके शुरू होने से उत्तरी छत्तीसगढ़ के लाखों नागरिकों को सीधी हवाई सुविधा मिलेगी और विकास को नई दिशा मिलेगी।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया है। इस मुलाकात को छत्तीसगढ़ की हवाई उड़ान में आने वाले दिनों में बड़े बदलाव की आहट के तौर पर देखा जा रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment