रायगढ़। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ एक बाबू को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि बाबू ने सर्पदंश से हुई मौत के बाद शासन से मिलने वाली मुआवजा राशि का भुगतान हितग्राही के बैंक खाते में कराने के एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। खास बात यह है कि आरोपी ने रिश्वत की रकम की गारंटी के तौर पर 50 हजार रुपए का हस्ताक्षरित चेक भी मांगा था।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बुलाकी, तहसील पुसौर निवासी विजय सिदार ने ACB बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता की पत्नी रामकुमारी की वर्ष 2023 में सर्पदंश से मौत हो गई थी। इसके बाद शासन की योजना के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि के लिए राजस्व विभाग में आवेदन किया गया था। मुआवजा प्रकरण रायगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय में लंबित था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मुआवजा राशि का भुगतान कराने के लिए कलेक्ट्रेट की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू ने 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। मामले की शिकायत ACB से किए जाने के बाद टीम ने शिकायत का सत्यापन किया और कार्रवाई की योजना बनाई।
इसके बाद ACB की टीम ने आरोपी बाबू को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8219836
Total views : 8262632