छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने हेरोइन यानी ‘चिट्टा’ की तस्करी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इनमें एक बड़ा सप्लायर भी शामिल है, जिसके पाकिस्तान से जुड़े नशा तस्करों से संपर्क होने की बात सामने आई है।
डीसीपी (पश्चिम) संदीप कुमार के मुताबिक, पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी रायपुर के अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हेरोइन, अवैध हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया है कि रायपुर में सप्लाई होने वाली हेरोइन पंजाब से लाई जा रही थी। तस्कर वहां से माल लाकर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में खपा रहे थे।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि कवलजीत सिंह पन्नू इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सप्लायर था। वह पंजाब के बॉर्डर इलाकों में सक्रिय तस्करों से सीधे हेरोइन खरीदता था, जहां से ड्रग्स पाकिस्तान के रास्ते भारत पहुंचती है।
इसके बाद वह यह माल रुपिंदर उर्फ पाब्लो गैंग को सप्लाई करता था, जो इसे आगे रायपुर समेत अन्य शहरों में फैलाते थे।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इस मामले में और भी बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8243737
Total views : 8292793