डौण्डीलोहारा पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एसबीआई कियोस्क सेंटर संबलपुर में हुए गबन और धोखाधड़ी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। थाना प्रभारी मुकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई ने क्षेत्र में पुलिस की सख्ती और सक्रियता को एक बार फिर साबित किया है।
मामला तब उजागर हुआ जब रायपुरा निवासी सुरेंद्र कुमार साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि संबलपुर स्थित एसबीआई कियोस्क सेंटर संचालकों द्वारा वर्ष 2024-25 के दौरान ग्रामीणों के खातों से धोखे से पैसे निकालकर गबन किया गया। आरोपियों ने कम पढ़े-लिखे महिला-पुरुषों को एफडी और आरडी कराने का झूठा झांसा देकर नगदी ली और अंगूठा लगवाकर खातों से रकम पार कर दी।

जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी अमित कुमार निषाद और विरेन्द्र गिरी गोस्वामी योजनाबद्ध तरीके से लोगों को निशाना बनाते थे। ग्राहक जब खाते का बैलेंस चेक कराने या लेन-देन के लिए आते, तो बहाना बनाकर अंगूठा लगवाया जाता और उनके खातों से रकम निकाल ली जाती थी। इस तरह करीब 9,01,000 रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से एक एक्टिवा (CG 24 V 2869), एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल (CG 24 R 5661), दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और कुल 5,590 रुपये नगद जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1,50,000 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
मुकेश सिंह ने बताया कि ग्रामीण और कम जागरूक लोगों को निशाना बनाकर इस प्रकार की धोखाधड़ी करना गंभीर अपराध है, जिस पर पुलिस की कड़ी नजर है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि बैंकिंग लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और बिना जानकारी के किसी को भी अंगूठा या ओटीपी साझा न करें।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह, प्र.आर. अरविंद यादव, प्र.आर. विरेन्द्र साहू, म.प्र.आर. लिलेश्वरी देवांगन, आरक्षक विनोद अजय, पूनम खरे, धर्मेन्द्र सेन, साइबर सेल प्रभारी बालोद सउनि धरम भुआर्य, आरक्षक संदीप यादव, राहुल मनहरे एवं आकाश दुबे का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की इस तेज कार्रवाई से क्षेत्र में यह स्पष्ट संदेश गया है कि डौण्डीलोहारा पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त है और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8182264
Total views : 8214408