ACB की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार की रिश्वत लेते रेंजर और डिप्टी रेंजर गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आज ACB बिलासपुर की टीम ने मुंगेली जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए रेंजर और डिप्टी रेंजर को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि सुरही रेंज में पदस्थ रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव ने एक प्रकरण में चालान जल्द पेश करने और जब्त वाहन को छोड़ने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।

लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव ने शिकायत की थी। दिसंबर 2025 में वह अपने साथियों के साथ सुरही रेंज में घूमने गया था, जहां बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। इसके बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया और संबंधित लोगों को करीब 18 दिन जेल भी जाना पड़ा।

जेल से छूटने के बाद जब अजीत कुमार ने चालान जल्द पेश करने के लिए डिप्टी रेंजर से संपर्क किया, तो उससे 4-5 लाख रुपये खर्च आने की बात कही गई। वहीं वाहन छोड़ने के नाम पर 70 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई।

शिकायत का सत्यापन कराने पर मामला सही पाया गया, जिसके बाद ट्रैप की योजना तैयार की गई। 26 मार्च 2026 को प्रार्थी को रिश्वत की राशि देने के लिए कोटा स्थित मित्र मिलन रेस्टोरेंट भेजा गया। यहां प्रार्थी ने डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को मांगी गई रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए। जैसे ही उन्होंने राशि ली, एसीबी टीम ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर रेंजर पल्लव नायक भी मौजूद थे, जिनकी भूमिका भी संदिग्ध पाई गई और उनके द्वारा भी प्रार्थी से रिश्वत की मांग करना सामने आया। प्रार्थी से ली गई 50 हजार रुपये की राशि आरोपी मनीष श्रीवास्तव से बरामद कर ली गई है।

एसीबी ने आरोपी मनीष श्रीवास्तव के खिलाफ धारा 7 तथा पल्लव नायक के खिलाफ धारा 7 और 12, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई कर रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Comment