रायपुर में अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई! हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के घर क्राइम ब्रांच की रेड, नकदी-नशे का जखीरा बरामद

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर में अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई! हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के घर क्राइम ब्रांच की रेड, नकदी-नशे का जखीरा बरामद

कालीबाड़ी इलाके में आधी रात छापेमारी, 79 मामलों वाला बदमाश फरार, साथी मोहम्मद रफीक गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। क्राइम ब्रांच ने हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कालीबाड़ी इलाके में उसके घर पर देर रात छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी, सट्टा-पट्टी के कागज, शराब और गांजा बरामद किया है। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही रवि साहू पीछे के रास्ते से फरार होने में कामयाब हो गया।

20 जवानों ने घेरकर की कार्रवाई
शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात क्राइम ब्रांच के करीब 20 जवानों की टीम ने रवि साहू के घर को चारों तरफ से घेर लिया। उस समय रवि घर में सो रहा था, लेकिन किसी तरह छत के रास्ते भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से उसके साथी मोहम्मद रफीक को दबोच लिया।

डेढ़ लाख नकद, सट्टा-पट्टी और नशा बरामद
गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद रफीक की तलाशी के दौरान उसके बैग से सट्टा-पट्टी के कागजात और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा घर से शराब और गांजा भी मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

79 आपराधिक मामलों का है रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के खिलाफ अब तक 79 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, चाकूबाजी, तस्करी, जुआ-सट्टा जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। वह कई बार जिला बदर भी किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि जेल से छूटते ही वह फिर से अवैध गतिविधियों में सक्रिय हो जाता है।

मुकेश गुप्ता उर्फ बनिया भी फरार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक और बदमाश मुकेश गुप्ता उर्फ बनिया के घर पर भी दबिश दी, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। बताया जा रहा है कि वह पिछले एक महीने से फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पूछताछ जारी, और खुलासों की उम्मीद
कोतवाली पुलिस देर रात तक इस मामले में कार्रवाई करती रही। कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में जुआ-सट्टा और नशे के नेटवर्क से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं।

रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के अपराध जगत में हड़कंप मच गया है, वहीं फरार हिस्ट्रीशीटर रवि साहू की तलाश तेज कर दी गई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *