हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दरककर सड़क पर आ गिरा। इसी दौरान कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी (एचपी-01एम-2210) मलबे की चपेट में आ गई।
हादसे में 10 लोगों की मौत की सूचना है। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने घटना की पुष्टि की है। सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
जानकारी के अनुसार, उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। इसके चलते टैक्सी में सवार यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क मार्ग बहाल होने के बाद टैक्सी पांगी की ओर रवाना हुई, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया और टैक्सी उसकी चपेट में आ गई।
बचाव दल ने मलबे से एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। अन्य यात्रियों की तलाश जारी है और मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
प्रशासन ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही यात्रियों की संख्या और हादसे में हुए नुकसान की पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8243001
Total views : 8291897