देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) की एक बस 30 से अधिक यात्रियों को लेकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में अब तक तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
यह दुर्घटना कालसी थाना क्षेत्र के क्वाणु इलाके में सुदोई खड्ड के पास हुई। जानकारी के अनुसार, बस हिमाचल प्रदेश के चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही थी। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब बस मीनस-क्वाणु-हरिपुर मार्ग से गुजर रही थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर एक ट्रक को रास्ता देते समय सड़क का किनारा धंस गया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया। बस कई बार पलटते हुए सीधी गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि कालसी क्षेत्र में हुई बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने जिला प्रशासन से बात कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मेडिकल सेंटरों को अलर्ट पर रखा गया है और जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा जाएगा।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों और घायलों की संख्या में इजाफा हो सकता है। मामले की जांच की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8169969
Total views : 8198104