भाठागांव बस स्टैंड बना अव्यवस्था का अड्डा,695 बसों पर एकसाथ गिरी कार्रवाई की गाज
तीन दिन चला पुलिस का सख्त अभियान, अवैध पार्किंग से लेकर परमिट उल्लंघन तक — अब टूरिज्म बसों पर भी चलेगी कार्रवाई
रायपुर। राजधानी के अंतर्राज्यीय बस स्टैंड भाठागांव में फैली अव्यवस्था के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रोजाना करीब 900 से अधिक बसों के संचालन वाले इस स्टैंड में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद 695 बसों पर ई-चालान की कार्यवाही की गई है।
दरअसल, बस चालकों द्वारा निर्धारित स्टॉपेज को न मानकर कहीं भी यात्रियों को बिठाने और उतारने का सिलसिला लगातार जारी था, जिससे नागरिकों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर डॉ. प्रशांत शुक्ला (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात), गुरजीत सिंह और सतीश ठाकुर (उप पुलिस अधीक्षक) ने पहले बस संचालकों को समझाईश दी थी, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद यातायात थाना प्रभारी भाठागांव बस स्टैंड प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में तीन दिन तक चला विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान भाठागांव स्टैंड से लेकर रिंग रोड-1 तक अवैध पार्किंग और यातायात बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों पर कार्यवाही की गई।
पुलिस ने बताया कि
-
676 बसों पर मोटरयान अधिनियम की धारा 122/177 के तहत ई-चालान जारी किया गया।
-
42 ई-रिक्शा, 22 कार और 27 मोटरसाइकिल पर भी चालान बनाकर कार्यवाही की गई।
इसके अलावा टूरिज्म परमिट वाले वाहनों के संचालन पर भी सख्ती बरती गई है। नियमों के बावजूद अंतर्राज्यीय बस स्टैंड से संचालन करने वाली हमसफर ट्रेव्हल्स की बस (एम.पी.-41-जेड.जी.-7786) पर ₹5000 का जुर्माना लगाया गया।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आगे भी यदि कोई टूरिज्म परमिट वाहन स्टैंड के भीतर पाया गया, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155956
Total views : 8176591