बस्तर: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में आम आदमी पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने पार्टी के नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र नाग को उनके घर से हिरासत में ले लिया। उनके साथ पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों का उल्लंघन बताया है। पार्टी का आरोप है कि हिरासत में लिए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं को कहां रखा गया है, इसकी जानकारी तक परिजनों और संगठन को नहीं दी गई।
पार्टी का कहना है कि वह नारायणपुर और दक्षिण बस्तर क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल संकट और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठा रही है। ज्ञापन, शांतिपूर्ण धरना और जनसंवाद के माध्यम से प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्याओं के समाधान के बजाय आंदोलनकारियों पर कार्रवाई की जा रही है।
पार्टी नेता समीर खान ने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी से करें, तो जनता को सड़क पर उतरने की आवश्यकता ही न पड़े। वहीं पार्टी नेता बल्लू भवानी ने नारायणपुर में कार्यकर्ताओं की हिरासत को “लोकतंत्र की हत्या” करार देते हुए कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन हर नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8157496
Total views : 8179145