बलौदाबाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने जल संचयन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने जिले को “जल संचय जनभागीदारी पुरस्कार 1.0” से सम्मानित किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और राजभूषण चौधरी भी मौजूद रहे। कलेक्टर दीपक सोनी ने केंद्रीय मंत्री से 1 करोड़ रुपए का पुरस्कार राशि चेक और प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया।
जिले का चयन इस पुरस्कार के लिए 30927 जल संरचनाओं का निर्माण पूर्ण करने के आधार पर किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और कलेक्टर दीपक सोनी के नेतृत्व में जिले में जल संचयन महाभियान चलाया गया, जिसमें सोखता गड्डा, जलाशय की सफाई और विभिन्न जल संरचनाओं का निर्माण शामिल था।
जिला पंचायत के अनुसार, 31 मई 2025 तक कुल 35793 जल संरचनाओं का निर्माण किया गया। इनमें नवीन तालाब निर्माण, सामुदायिक डबरी, निजी डबरी, परकोलेशन टैंक, कुआं, रिचार्ज पीट, गली प्लग, चेकडेम, सोकपीट, अमृत सरोवर, एनीकट, स्टापडेम, व्यपवर्तन संरचनाएं और नहरों का जीर्णोद्धार शामिल है। इन कार्यों के लिए मनरेगा, कैम्पा, सीएसआर फंड, स्टेट बजट और अन्य केंद्रीय निधियां उपयोग की गईं।
यह पुरस्कार जिले की जल सुरक्षा और सतत् विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
Author: Deepak Mittal









