खेलकूद कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रही छात्राओं की सड़क हादसे में चोटें
गौरेला-पेंड्रा मरवाही। पेंड्रा थाना क्षेत्र के अड़भार मुख्य सड़क मार्ग पर एक तेज रफ्तार ऑटो पलटने से 6-7 स्कूली छात्राएं घायल हो गईं। छात्राएं खेलकूद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पेंड्रा जा रही थीं। हादसे में दो छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, ऑटो अचानक सड़क पर आए मवेशी से टकरा गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। गंभीर रूप से घायल दो छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने खेल प्रबंधन की लापरवाही पर चिंता जताई है। बताया जा रहा है कि खेल आयोजनों में छात्राओं को ऑटो में भर-भर कर लाया जाता है, जबकि जिले में उनकी सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Author: Deepak Mittal








