सोन नदी किनारे अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई के बाद 30 से अधिक लोगों ने घेरकर किया हमला
शहडोल: जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर कथित तौर पर कोल माफिया से जुड़े लोगों ने हमला कर दिया। सोहागपुर थाना क्षेत्र के बडखेरा अंतर्गत खितौली बीट सीमा स्थित सोन नदी के पास हुई इस घटना में रेंजर सहित वन अमले के कर्मचारियों से मारपीट की गई और उन्हें कुछ समय के लिए बंधक बनाए जाने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को सोन नदी किनारे लंबे समय से अवैध कोयला उत्खनन और परिवहन की सूचना मिल रही थी। इसी के तहत टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद जब वन अमला लौट रहा था, तभी करीब 30 से अधिक लोगों की भीड़ ने रास्ता रोक लिया और उन पर हमला कर दिया। हमले में शहडोल रेंजर राम नरेश विश्वकर्मा सहित अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई।
सूत्रों के मुताबिक, दो दिन पूर्व भी कथित माफियाओं द्वारा रेंजर के साथ अभद्र व्यवहार कर धमकी देने की बात सामने आई थी। घटना के बाद वन विभाग ने सोहागपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
उल्लेखनीय है कि जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हमलों की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। हाल के वर्षों में ब्यौहारी क्षेत्र में रेत माफियाओं द्वारा एक पटवारी और एएसआई पर वाहन चढ़ाकर हत्या किए जाने की घटना ने भी कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।
वन मंडलाधिकारी (दक्षिण) श्रद्धा पंद्रे ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वन कर्मियों पर हमला गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोहागपुर थाना प्रभारी अरुण पांडेय ने बताया कि वन विभाग की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155412
Total views : 8175753