‘सेना युद्ध के लिए तैयार रहें’, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का बड़ा बयान

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि देश और दुनिया में शांति कायम रखने के लिए ही उन्होंने सेना से युद्ध के लिए तैयार रहने के लिए कहा है। राजनाथ सिंह ने गुरुवार को प्रथम संयुक्त कमांडर सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए कहा था कि सशस्त्र बलों को युद्ध के लिए तैयार रहने की आवश्यकता है।

इस बारे में उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि, भारत दुनिया का एकमात्र देश है, जिसने वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश दिया है। भारत ने हमेशा शांति की वकालत की है। लेकिन आज की भू-राजनीतिक स्थिति को देखते हुए मैंने सेना से कहा कि भारत और दुनिया में शांति बनाए रखने के लिए हमें हमेशा युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए। ऐसा कहने के पीछे मकसद यह है कि हमारी शांति न भंग होने पाए।

रक्षा मंत्री ने संयुक्त कमांडर सम्मेलन में कहा था कि भारत एक शांतिप्रिय राष्ट्र है और शांति बनाए रखने के लिए सशस्त्र बलों को युद्ध के लिए तैयार रहने की आवश्यकता है। उन्होंने संयुक्त सेना का विजन विकसित करने और भविष्य के युद्धों में देश के सामने आने वाली चुनौतियों के लिए तैयारी करने के महत्व पर जोर दिया, साथ ही उकसावे की घटनाओं पर समन्वित, त्वरित और उचित कार्रवाई करने पर जोर दिया।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment