लोक निर्माण विभाग में अभियंताओं की पदोन्नति और नई पदस्थापनाओं की घोषणा..

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर :  राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग ने दीपावली से पहले अभियंताओं की पदोन्नति के आदेश जारी कर उनकी खुशियों में वृद्धि की है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री, श्री अरुण साव की मंजूरी के पश्चात, विभाग ने आज मंत्रालय से कुल 47 अधिकारियों की पदोन्नति की अधिसूचना जारी की है।

जारी आदेशों के अनुसार, 41 उप अभियंताओं को सहायक अभियंता के पद पर और चार मानचित्रकारों को भी सहायक अभियंता के पद पर पदोन्नत किया गया है। इसके अतिरिक्त, दो अभियंताओं को 29 मई 2020 से भूतलक्षी प्रभाव से मुख्य अभियंता के पद पर पदोन्नत किया गया है। हालांकि, इन पदोन्नत अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं अभी सुनिश्चित नहीं की गई हैं और इन्हें बाद में आवंटित किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग द्वारा अभियंताओं की लंबित पदोन्नति को प्राथमिकता देते हुए इस माह में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इससे पूर्व, 14 अक्टूबर 2024 को भी 51 अधिकारियों को पदोन्नति दी गई थी, जिनमें तीन कार्यपालन अभियंता अधीक्षण अभियंता के पद पर और 48 सहायक अभियंता कार्यपालन अभियंता के रूप में पदोन्नत हुए थे।

इस प्रकार, अक्टूबर माह में अब तक कुल 98 अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर सभी पदोन्नत अधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री, श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दीपावली के अवसर पर इस नई जिम्मेदारी के प्रति समर्पण की भावना व्यक्त की है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment