रजत जयंती राज्योत्सव 2025 में करोड़ों का कथित घोटाला, बिना निविदा एक ही फर्म को मिले कई कार्य

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नया रायपुर: छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस रजत जयंती राज्योत्सव 2025 के तहत नया रायपुर में आयोजित स्टॉल निर्माण एवं प्रदर्शनी कार्यों को लेकर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि शासन की निविदा प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए एक ही फर्म को करोड़ों रुपये के कार्य आवंटित किए गए।

इस पूरे मामले का खुलासा आरटीआई कार्यकर्ता आशीष देव सोनी द्वारा दस्तावेजों के आधार पर किए जाने का दावा किया गया है।

एक ही फर्म को बार-बार कार्य आवंटन का आरोप

दस्तावेजों के अनुसार, राज्योत्सव-2025 के दौरान अधिकांश निर्माण और प्रदर्शनी कार्य मेसर्स स्वाति मैनेजमेंट नामक फर्म को दिए गए। आरोप है कि राजनीतिक दबाव, सांठगांठ अथवा कथित कमीशन के बदले विभिन्न विभागों ने एक ही फर्म को बार-बार काम सौंपा।

आरोप यह भी है कि कार्य आवंटन में छत्तीसगढ़ भंडार क्रय अधिनियम, 2002 के प्रावधानों की अनदेखी की गई और लाखों रुपये के कार्य केवल तीन कोटेशन के आधार पर स्वीकृत कर भुगतान भी कर दिया गया।

किन विभागों ने दिए कार्य?

दस्तावेजों में उल्लेख है कि अलग-अलग विभागों द्वारा स्वाति मैनेजमेंट को निम्नानुसार कार्य दिए गए—

  • छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा लगभग 25 लाख रुपये का कार्य

  • लोक निर्माण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा लगभग 50 लाख रुपये का कार्य

  • आदिम जाति कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा लगभग 56 लाख रुपये का कार्य

  • स्वास्थ्य विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा लगभग 58 लाख रुपये का कार्य

आरोप है कि निर्धारित वित्तीय सीमा से अधिक राशि के कार्य खंड-खंड कर एक ही फर्म को दिए गए, जो नियमों के विपरीत बताया जा रहा है।

पूर्व में भी मिलते रहे कार्य

दस्तावेजों में यह भी उल्लेख है कि पूर्व में भी उक्त फर्म को लोक निर्माण विभाग एवं सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, रायपुर से कथित रूप से इसी प्रकार की प्रक्रिया के माध्यम से कार्य प्राप्त हुए थे।

आरोप यह भी लगाया गया है कि 2018-19 से ही कंपनी को लगातार बड़े टेंडर मिलते रहे हैं और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित विभागों या फर्म की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Comment