दिल्ली में 6 साल के बच्चे की निर्मम हत्या, आरोपी गिरफ्तार; परिवार ने मां पर लगाए अवैध संबंध के आरोप

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के रणहौला इलाके में 6 साल के बच्चे की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। गुरुवार को एक निर्माणाधीन मकान से बच्चे का खून से लथपथ शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतक बच्चे की पहचान रणहौला के मंगल बाजार निवासी लवकुश के रूप में हुई है। वह अपनी मां सरिता देवी, पिता पच्चू महतो, एक भाई और दो बहनों के साथ रहता था। बच्चे के पिता बेलदारी का काम करते हैं।

रणहौला थाना पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 12 बजे मंगल बाजार स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में बच्चे का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। साथ ही क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। घटनास्थल से एक लोहे की रॉड और चाकू भी बरामद किया गया है।

मामले में बच्चे के परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि बच्चे की मां के किसी व्यक्ति के साथ अवैध संबंध थे, जिसको लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता था। परिवार का आरोप है कि इस हत्या के पीछे मां का हाथ हो सकता है।

पुलिस को शक है कि बच्चे की हत्या किसी अन्य जगह पर की गई और बाद में शव को निर्माणाधीन इमारत में फेंक दिया गया। वहीं परिजनों का दावा है कि बच्चे का शव मिलने के बाद से उसकी मां सरिता देवी भी लापता है।

जांच के दौरान सामने आया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे लवकुश अपनी मां के साथ गया था, जिसके बाद दोनों वापस घर नहीं लौटे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक महिला की तलाश के लिए दिल्ली के साथ-साथ बिहार में भी पुलिस की टीमें भेजी गई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment