दुर्ग: जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसदा स्थित कैवल्य धाम के पीछे एक खेत में अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत से तेज बदबू आने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृत महिला की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि महिला की मौत करीब एक सप्ताह पहले हुई होगी। महिला का शव खेत में झाड़ियों के बीच पड़ा मिला था, जिसके कारण बदबू फैल रही थी और घटना का खुलासा हुआ।
कुम्हारी थाना टीआई ने बताया कि मृतिका की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। मौके से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद नहीं हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस अज्ञात महिला की पहचान और घटना के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
Author: Deepak Mittal








