नव निर्वाचित सरपंच सुरेश ध्रुव की अध्यक्षता में हुआ ऐतिहासिक निर्णय
सरगांव/रामबोड़ (ब्यूरो रिपोर्ट – निर्मल अग्रवाल, मुंगेली)
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत सरगांव के समीप ग्राम पंचायत रामबोड़ में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण ग्रामसभा आयोजित की गई। इस बैठक में नव निर्वाचित सरपंच सुरेश कुमार ध्रुव, समस्त पंचगण, थाना सरगांव की विशेष टीम तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्रामसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ग्राम क्षेत्र में अवैध रूप से शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध संयुक्त रूप से कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्रामवासियों ने यह भी संकल्प लिया कि वे ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी प्रकार का संरक्षण नहीं देंगे और पुलिस कार्रवाई में पूर्ण सहयोग करेंगे।
थाना सरगांव से पहुँची विशेष टीम ने भी आश्वस्त किया कि नशा कारोबार में लिप्त व्यक्तियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। यह पहल केवल रामबोड़ तक सीमित न रहकर आसपास की ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
ग्रामवासियों, विशेषकर महिलाओं में इस निर्णय को लेकर उत्साह और संतोष देखा गया। उन्होंने ग्राम पंचायत की इस पहल को स्वागतयोग्य बताया और नशामुक्त समाज निर्माण में पूर्ण सहभागिता का संकल्प लिया।

ग्राम पंचायत रामबोड़ द्वारा उठाया गया यह कदम निश्चित रूप से नशामुक्ति अभियान को नई दिशा देगा और ग्रामीण अंचलों में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर लगाम लगाने में कारगर सिद्ध होगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8181463
Total views : 8213326