चलती बस में लगी भीषण आग, 30 यात्री बाल-बाल बचे

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बुलढाणा: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इंदौर से अकोला जा रही एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार करीब 30 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 56 पर नांदुरा के पास हुई। जानकारी के अनुसार, सुबह जब बस नांदुरा के पास पहुंची तो अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग लग गई।

स्थिति को देखते हुए ड्राइवर और कंडक्टर ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बस का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही नांदुरा नगर परिषद के अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। साई फाउंडेशन के स्वयंसेवक, एम्बुलेंस और नांदुरा पुलिस स्टेशन के कर्मी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई, हालांकि बस को भारी नुकसान हुआ है। अग्निशमन दल ने प्रारंभिक जांच में बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि 27 फरवरी को जयपुर में भी इसी तरह की घटना हुई थी। राजस्थान राज्य सड़क परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) की एक चलती बस में मानसरोवर आरआईसीओ चौराहा के पास आग लग गई थी। उस दौरान करीब 60 यात्री समय रहते बस से बाहर निकलने में सफल रहे थे और कोई जनहानि नहीं हुई थी, हालांकि बस आधे घंटे में पूरी तरह जल गई थी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment