23 संदिग्धों को सत्यापन पूरा होने तक रायपुर के होल्डिंग सेंटर भेजा, पश्चिम बंगाल जाकर पुलिस ने जुटाई जानकारी
बिलासपुर। राज्य शासन के निर्देश के बाद बिलासपुर पुलिस ने अवैध अप्रवासियों, संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत व्यक्तियों की पहचान एवं सत्यापन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत पुलिस ने जिले के विभिन्न इलाकों में सघन जांच और छापामार कार्रवाई की है।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (IUCAW) रश्मिता कौर चावला के नेतृत्व में सात निरीक्षकों को शामिल करते हुए विशेष टास्क फोर्स (STF) का गठन किया गया है। टीम को संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, दस्तावेजों की जांच और उनके मूल निवास के संबंध में सत्यापन की जिम्मेदारी दी गई है।
Loading Viewer...
जांच के दौरान बिलासपुर में निवासरत कई संदिग्ध व्यक्तियों के पहचान एवं मूल निवास से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन जरूरी पाया गया। दस्तावेजों की प्रमाणिकता की जांच के लिए पुलिस ने संबंधित जिलों के अधिकारियों से संपर्क किया।
विशेष टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर क्षेत्र में पहुंची और वहां के पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से मुलाकात कर संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी साझा की। टीम ने सीमावर्ती क्षेत्रों से बांग्लादेशी नागरिकों के भारत में प्रवेश और उनके ठहरने से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में निवासरत 23 संदिग्ध व्यक्तियों को 4 सितंबर 2026 को पहचान एवं दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार इन मामलों में दस्तावेजों और पहचान का सत्यापन आगे भी जारी रहेगा।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों अथवा बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत व्यक्तियों के संबंध में सूचना देने की अपील की है। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया गया है। पुलिस ने कहा है कि किसी व्यक्ति की पहचान, निवास या दस्तावेजों को लेकर संदेह होने पर नागरिक इस नंबर पर जानकारी दे सकते हैं।
पुलिस के अनुसार इस अभियान से पहले भी संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। अभिलेख के मुताबिक थाना तोरवा क्षेत्र में अवैध रूप से निवासरत बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद हुसैन उर्फ सुब्रती शर्मा उर्फ सागर की पहचान होने के बाद 12 जुलाई 2025 को उसके विरुद्ध बांग्लादेश निर्वासन (Quit India) की कार्रवाई की गई थी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8236896
Total views : 8284445