साईं बाबा, हनुमान और भगवान शिव की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त; बजरंग दल-विहिप कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
रायपुर। गुढ़ियारी थोक मार्केट स्थित पड़ाव क्षेत्र में गुरुवार सुबह धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ की घटना सामने आने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। मंदिर परिसर में स्थापित साईं बाबा, भगवान हनुमान और भगवान शिव की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भी तत्काल अतिरिक्त बल तैनात कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखा। इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के क्षेत्र में तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना को लेकर नाराजगी जताई।
कार्यकर्ताओं ने धार्मिक प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। भीड़ बढ़ने की सूचना पर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8232450
Total views : 8278987