एसी श्रेणी में आधी सीट यानी रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन (RAC) टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। अब प्रत्येक RAC यात्री को अलग से पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाएगा। रेलवे बोर्ड ने 4 अगस्त 2026 को एनसीआर समेत सभी जोनल रेलवे को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने को कहा गया है।
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि एसी चेयर कार को छोड़कर अन्य सभी वातानुकूलित श्रेणियों में प्रत्येक RAC यात्री को अलग-अलग संपूर्ण बेडरोल किट दी जाएगी। इसमें चादर, कंबल और तकिया सहित निर्धारित बेडरोल सुविधा शामिल होगी।
दरअसल, रेलवे को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई ट्रेनों में RAC यात्रियों को पूरा बेडरोल नहीं दिया जा रहा है। कई जगह दो यात्रियों के बीच एक ही किट साझा कराई जा रही थी। अलग-अलग कंबल और अन्य सामान नहीं मिलने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रेलवे बोर्ड ने दोबारा स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि हर RAC यात्री को अन्य यात्रियों की तरह अलग से बेडरोल सुविधा उपलब्ध कराई जाए। अधिकारियों के अनुसार, प्रयागराज होकर गुजरने वाली संबंधित एसी ट्रेनों में भी अब RAC यात्रियों को पूरा बेडरोल देना अनिवार्य होगा।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को आदेश की जानकारी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों तक तत्काल पहुंचाने तथा इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। आईआरसीटीसी सहित संबंधित विभागों को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इस व्यवस्था के लागू होने से देशभर में एसी कोचों में RAC टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें बेडरोल के लिए शिकायत करने या दूसरे यात्री के साथ किट साझा करने की परेशानी नहीं होगी।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8242878
Total views : 8291761