कांकेर। कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र में संयुक्त सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में चलाए गए सर्चिंग अभियान में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक सामग्री तथा दैनिक उपयोग के सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार 22 से 24 मई तक थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान ग्राम पल्लाहूर और जपमरका के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में एक नक्सली डम्प बरामद किया गया। सुरक्षाबलों ने यहां से एक कंट्रीमेड बीजीएल लॉन्चर, 25 बीजीएल सेल, चार इम्प्रोवाइज्ड फायर कार्टिज, एक-एक खाली एके-47 और एसएलआर कार्टिज, लगभग पांच किलो गन पाउडर, 10 बड़े सुतली बम, तीन नक्सली वर्दियां, एक सोलर चार्जर, करीब 50 फीट वायर, मेडिकल किट तथा अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री जब्त की।

इसी तरह थाना छोटेबेठिया क्षेत्र में ग्राम मरकाबेड़ा, आदनार और एलूर के मध्य जंगल क्षेत्र में चलाए गए अभियान में भी सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की। यहां से तीन 12 बोर रायफल, एक बीजीएल लॉन्चर, छह बीजीएल सेल, 100 ग्राम बारूद, एक पोच, एक नक्सली वर्दी, 800 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर तथा 200 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर जब्त किए गए।

बरामद सभी सामग्रियों को सुरक्षा बलों ने सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांकेर और नारायणपुर के नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है तथा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Author: Deepak Mittal










Total Users : 8196657
Total views : 8233707